नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर पार्टी मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी।
आडवाणी का जन्म आठ नवंबर, 1927 को हुआ था।
वह रविवार को 99 वर्ष के हो जाएंगे और अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करेंगे।
भाजपा ने एक बयान में कहा, “पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।’’
भाजपा ने कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आडवाणी के प्रेरणादायक जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, संगठन में उनके योगदान और सार्वजनिक जीवन की लंबी यात्रा को सम्मान देना है।
पार्टी ने बताया कि कार्यक्रम में आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 10 बजे पूजा और हवन के साथ होगी।
इसके बाद आडवाणी के प्रमुख भाषणों और उनके जीवन पर आधारित 20 मिनट की विशेष वीडियो दिखाई जाएगी।
भाजपा ने बताया कि इसके बाद वरिष्ठ नेता प्रस्तुतियां देंगे और आडवाणी के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं तथा उनके योगदान पर अपने विचार साझा करेंगे।
भाजपा ने कहा, “इसके बाद प्रतिभा आडवाणी और पीयूष गोयल अपने विचार रखेंगे। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सभा को संबोधित करेंगे और राष्ट्र तथा पार्टी के प्रति आडवाणी के योगदान पर प्रकाश डालेंगे।”
पार्टी ने कहा कि उसने हमेशा अपने वरिष्ठ नेताओं, मार्गदर्शकों और दूरदर्शी व्यक्तित्वों के योगदान, विचारों और समर्पित सेवा को विशेष सम्मान दिया है।
भाजपा ने कहा, “पार्टी का हमेशा से मानना रहा है कि ऐसी महान विभूतियों का जीवन और उनकी विचारधारा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।’’
पार्टी ने कहा, “भाजपा आडवाणी की विरासत को संजोने और उनके आदर्शों एवं दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.