रायपुर, सात नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित होने जा रहे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह में शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, जिसे पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
साय ने दिवाली मनाने के लिए अपने गृह जिले जशपुर रवाना होने से पहले यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस साल ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित किया जाएगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जशपुर में दो दिन बिताएंगे और अपने परिवार के सदस्यों तथा जिले व अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ त्योहार मनाएंगे।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता को दिवाली, गोवर्धन पूजा और छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘मां लक्ष्मी का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ पर बना रहे और हर घर में खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति आए।’’
भाषा संजीव खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.