scorecardresearch
Tuesday, 29 September, 2026
होमदेशनगर निकाय चुनाव में भाजपा सरकार ने पुलिस, प्रशासन का दुरुपयोग किया : जूली

नगर निकाय चुनाव में भाजपा सरकार ने पुलिस, प्रशासन का दुरुपयोग किया : जूली

Text Size:

जयपुर, 29 सितंबर (भाषा) राजस्थान विधानसभा में ‍विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य में हाल में हुए नगर निकाय चुनावों के दौरान भाजपा सरकार ने पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया।

जूली ने राज्य निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपकर “सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम करने वाले अधिकारियों” के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद संवाददाताओं से मुखातिब जूली ने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने “गुंडागर्दी और दबाव” का सहारा लिया तथा पूरा सरकारी तंत्र पार्षदों को प्रभावित करने में लगा रहा।

उन्होंने कहा, “हमने राज्य निर्वाचन आयोग को सबूत सौंपे हैं और कई मामलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एजेंट के तौर पर काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ लिखित शिकायतें भी दी हैं। अन्य शिकायतें स्थानीय स्तर पर की गई हैं। हमने ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।”

जूली ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों को भी इस तरह तैनात किया गया, जिससे सत्तारूढ़ दल को फायदा मिले।

उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेकर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने वाले अधिकारियों के नाम भी उचित समय पर राजस्थान विधानसभा में दर्ज कराए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी भूमिका को याद रखें।

भाषा

बाकोलिया पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments