गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (भाषा) असम के श्रीभूमि जिले में पिछले सप्ताह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान बिहू कलाकारों की मंडली पर कथित हमला शराब के नशे में हुए विवाद का नतीजा था और इसमें कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
श्रीभूमि की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लीना डोले ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह घटना 23 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए वीडियो फुटेज की जांच कर रही है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह त्योहार का समय था और कुछ लोग शराब के नशे में थे। हमारी जांच के अनुसार, नशे की हालत में कुछ लोगों के बीच बहस हुई, जो बाद में हिंसा में बदल गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई सांप्रदायिक पहलू या बंगाली बनाम असमिया का मामला नहीं था। अगर बंगाली लोग असमिया लोगों के खिलाफ होते, तो वे सबसे पहले बिहू कलाकारों को आमंत्रित नहीं किये होते। उसी शाम पहले इस कार्यक्रम में गायक जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि भी दी गई थी।’’
डोले ने कहा कि क्षेत्र में सभी लोग शांति और सद्भाव से रह रहे हैं और अब स्थिति सामान्य है।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहू मंडली के आठ सदस्य और क्षेत्र में तैनात दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। सभी की हालत स्थिर है।’’
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.