कोलकाता, 26 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में अपनी महिला मित्र को कथित तौर पर चूमते पकड़े जाने पर 17 वर्षीय एक लड़के, उसके पिता और दोस्त को निर्वस्त्र करके सड़क पर घुमाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को लड़की के माता-पिता और मामा को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
लड़के के पिता ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गयी तथा लड़की के मामा ने उसे हथियार थमाकर धमकी दी कि या तो वह ‘अपने बेटे को मार दे या फिर निर्वस्त्र होकर उसके साथ सड़क पर घूमे।’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निर्वस्त्र कर घुमाने की यह घटना रविवार को सरसुना थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया।
अधिकारी ने कहा, “लड़की के परिजनों ने लड़के और लड़की को एक दूसरे का कथित तौर पर चुंबन करते हुए पकड़ लिया था। उसके बाद लड़के एवं उसके मित्र को एक घर में बंधक बना लिया गया। लड़की के माता-पिता और मामा ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की।”
उन्होंने कहा कि लड़के को अपने पिता जबर्दस्ती वहां बुलाने के लिए मजबूर किया गया।
लड़के के पिता ने कहा, ‘‘वहां पहुंचने के बाद, कम से कम छह लोगों ने मुझ पर हमला भी किया। फिर लड़की के मामा ने मुझे एक बंदूक दी और कहा कि मेरे पास दो विकल्प हैं: या तो मैं अपने बेटे को गोली मार दूं, या फिर उसके साथ निर्वस्त्र होकर घूमूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने मेरा, मेरे बेटे और उसके दोस्त का नग्न घूमते हुए वीडियो बनाया। यह हमारे लिए बहुत ही अपमानजनक था।’’
लड़के के पिता की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उनमें हत्या का प्रयास, खतरनाक हथियारों या साधनों का इस्तेमाल करके जानबूझकर चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना, गलत तरीके से कैद में रखना, मानहानि, आपराधिक धमकी और अपहरण जैसी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही लड़की के परिवार के कुछ सदस्य वहां से भाग गए।
अधिकारी ने कहा, ‘‘लड़की के माता-पिता को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके मामा को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हम उस हथियार का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं और यह भी जांच कर रहे हैं कि उसे कहां से हासिल किया गया था।’’
इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। हालांकि ‘पीटीआई-भाषा’ इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकी है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘इस वीडियो की वजह से इलाके में तनाव फैल गया, और गुस्साए लोगों ने लड़की के घर में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया।’’
नगर मामलों एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने घटना पर हैरानी जताते हुए कहा, ‘‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मैं बंगाल के सभी लोगों को आश्वस्त करना चाहती हूं कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजनीतिक संबद्धता किसी को बचा नहीं पाएगी।’’
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.