बांदा, आठ नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रविवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक ऑटो-रिक्शा की सड़क किनारे खड़े मिनी मालवाहक ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे उस समय हुआ, जब श्रद्धालु भगवान कामदगिरि के दर्शन करने के बाद चित्रकूट से लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि ऑटो-रिक्शा चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े मिनी ट्रक से टकरा गया।
बिसंडा थाने के प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजाराम (55) को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि अन्य घायलों को आगे के उपचार के लिए बांदा के रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी श्रद्धालु फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव के निवासी हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.