scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशनिर्वाचन आयोग ले जाए जा रहे हलफनामों से भरे ट्रक को लूटने की कोशिश: ऋतब्रत का आरोप

निर्वाचन आयोग ले जाए जा रहे हलफनामों से भरे ट्रक को लूटने की कोशिश: ऋतब्रत का आरोप

Text Size:

कोलकाता, 26 अक्टूबर (भाषा) डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के धड़े पर नयी दिल्ली में निर्वाचन आयोग के पास उसके हलफनामे ले जा रहे एक ट्रक को कथित तौर पर लूटने की कोशिश करने का सोमवार को आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि ‘‘तानाशाहों द्वारा संगठित तरीके से लूटपाट की कोशिश सफल नहीं होगी।’’

पश्चिम बंगाल की पूर्व सत्तारूढ़ पार्टी के दोनों धड़ों के बीच पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर अधिकार को लेकर खींचतान है।

ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि उनके धड़े ने निर्वाचन आयोग के समक्ष साक्ष्य सौंपने की समयसीमा का पालन करने के लिए 24 अक्टूबर को दस्तावेज सड़क मार्ग से भेजे थे, जबकि ममता बनर्जी के धड़े ने रविवार शाम को चार्टर्ड विमान से अपने हलफनामे भेजे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार तड़के हरियाणा सीमा के निकट कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने ट्रक पर कब्जा करने और उसमें रखे दस्तावेज छीनने की कोशिश की, लेकिन दस्तावेजों की खेप के साथ जा रहे कार्यकर्ताओं ने उनके इस प्रयास का विरोध किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चार्टर्ड विमान से 25 अक्टूबर की शाम कालीघाट के हलफनामे दिल्ली लाए गए। हमारे हलफनामे सड़क मार्ग से दिल्ली पहुंचाए जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता 24 अक्टूबर की सुबह निर्वाचन आयोग में जमा करने के लिए हमारे दस्तावेज लेकर रवाना हुए थे।’’

ऋतब्रत बनर्जी ने सोमवार तड़के ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आधे घंटे पहले ट्रक पर कब्जा करने और हमारे दस्तावेज छीनने की कोशिश की गई। हमारे कार्यकर्ताओं ने बहादुरी से इसका मुकाबला किया। संघर्ष जारी है। यह चार्टर्ड संस्कृति और जमीनी स्तर के दृढ़ संकल्प के बीच की लड़ाई है। तानाशाह हर क्षेत्र में संगठित तरीके से लूटपाट करने की अपनी कोशिश में सफल नहीं होंगे।’’

ऋतब्रत बनर्जी गुट के समर्थक विधायक अखरुज्जमान ने कहा कि हरियाणा सीमा के निकट ट्रक को निशाना बनाए जाने से संदेह पैदा होता है कि इसके पीछे टीएमसी के ममता बनर्जी गुट का समर्थन था।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट की राज्यसभा सदस्य डोला सेन ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बागी गुट के दावों को खारिज करते हुए कहा कि जनता ही अंतिम निर्णायक है।

लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी ने भी कथित तौर पर वाहन द्वारा अपनाए गए मार्ग पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, ‘‘ऋतब्रत के नेतृत्व वाले गुट को केंद्रीय सुरक्षा बल की सुरक्षा मिली हुई है। जब ट्रक सीआरपीएफ के जवानों की सुरक्षा में था, तो उसे कैसे जब्त किया जा सकता है? इसके अलावा, कोलकाता से दिल्ली जा रहा ट्रक हरियाणा होकर लंबा रास्ता क्यों अपनाएगा?”

उन्होंने कहा, ‘‘ये सब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन प्राप्त गुट की रची हुई साजिश के तहत किया जा रहा नाटक है। उनके आरोप पूरी तरह निराधार हैं।’’

भाषा

देवेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments