scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमदेशसेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ गांव में मोर्टार के पुराने गोले को निष्क्रिय किया

सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ गांव में मोर्टार के पुराने गोले को निष्क्रिय किया

Text Size:

जम्मू, नौ जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के अग्रिम क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक खेत में मिले मोर्टार के पुराने गोले को निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कुस्सालियन गांव में ग्रामीण मक्के की फसल की कटाई कर रहे थे, तभी उन्हें खेत में पुराना मोर्टार गोला दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सेना को दी।

स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ने कहा, ‘‘हम खेत में मक्के की कटाई कर रहे थे, तभी हमें एक पुराना बम दिखाई दिया। हमने उसे हाथ नहीं लगाया और तुरंत पास की सेना की इकाई को सूचना दी। सेना का दल उसे निष्क्रिय करने के लिए पहुंच गया।’’

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के जवान मौके पर पहुंचे और बम निरोधक दस्ते ने मोर्टार गोले को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने तक पूरे क्षेत्र को घेर लिया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मोर्टार गोला सीमा से लगे इस जिले में अतीत में हुई सीमा पार से हुई गोलाबारी का अवशेष माना जा रहा है।

भाषा

राखी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments