scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमरिपोर्टदरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने का मेगा प्लान, नई चीनी मिलों के लिए चलेगा विशेष अभियान

दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने का मेगा प्लान, नई चीनी मिलों के लिए चलेगा विशेष अभियान

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर समितियां बनाई गई हैं. इस अभियान में गन्ना उद्योग विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मिलकर काम करेंगे.

Text Size:

पटना: बिहार सरकार ने दरभंगा जिले में सकरी और रैयाम में शुरू हो रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान-2026’ शुरू करने का फैसला किया है. इसके तहत किसानों को गन्ने की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.

राज्य सरकार के निर्देश पर दरभंगा जिला प्रशासन ने इस अभियान की विस्तृत रणनीति तैयार की है. सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किसान गन्ने की खेती अपनाएं, ताकि नई चीनी मिलों को पर्याप्त कच्चा माल मिल सके और किसानों की आमदनी भी बढ़े.

2 जुलाई को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की अभियान समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों से कहा गया कि किसानों को गन्ना खेती से जुड़ी तकनीक, सरकारी योजनाओं और जरूरी सुविधाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए.

राज्य सरकार के निर्देशों को लागू करने के लिए दरभंगा के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक (ईख विकास) समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए. बैठक में सकरी और रैयाम चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना तैयार की गई.

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर समितियां बनाई गई हैं. इस अभियान में गन्ना उद्योग विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मिलकर काम करेंगे.

अधिकारी गन्ना क्षेत्र बढ़ाने के लिए गांव-गांव जाकर किसानों को गन्ने की खेती के लिए प्रेरित करेंगे और विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखेंगे.

योजना के तहत पंचायत और प्रखंड स्तर के अधिकारी सीधे किसानों के घर और खेतों तक पहुंचेंगे. वे किसानों को गन्ने की आधुनिक खेती, बेहतर बीज, खाद और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे. अगर खेती के दौरान किसानों को कोई दिक्कत आती है तो उसका समाधान मौके पर ही किया जाएगा.

सरकार का मानना है कि चारों विभागों के संयुक्त प्रयास, जन-जागरूकता अभियान, नियमित समीक्षा और समय पर तकनीकी सहायता से दरभंगा में गन्ने का रकबा बढ़ेगा. इससे नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.

share & View comments