लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा जिले के कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई ने देश की आन-बान-शान और आजादी की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनका बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शहर के प्रमुख स्थानों पर देश के वीरों, वीरांगनाओं और राष्ट्रनायकों की प्रतिमाएं स्थापित कर नई पीढ़ी के सामने एक अच्छा उदाहरण पेश किया है.
राष्ट्रधर्म तथा भारत की आन, बान और शान की रक्षा के लिए रानी अवंतीबाई लोधी जी ने अपना सर्वस्व समर्पित कर वीरगति का वरण किया।
जनपद बाँदा में आज उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।
अमर वीरांगना की पावन स्मृतियों को नमन। pic.twitter.com/SaWtH7QbjO
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 9, 2026
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब तीन साल पहले भी उन्हें बांदा में दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं के अनावरण का अवसर मिला था. अब रानी अवंती बाई की प्रतिमा के अनावरण के साथ यह गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ी है.
उन्होंने कहा कि बांदा का सिटी डेवलपमेंट प्लान, बेहतर होती सड़कें और अन्य विकास कार्य बताते हैं कि योजनाबद्ध विकास से किसी भी शहर की पहचान बदली जा सकती है.
मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पूरे देश में आजादी की लहर थी. मंगल पांडे ने बैरकपुर में क्रांति की शुरुआत की, धन सिंह गुर्जर ने मेरठ में उसका नेतृत्व किया, तात्या टोपे ने कानपुर के बिठूर में आंदोलन को आगे बढ़ाया और महारानी लक्ष्मीबाई ने झांसी में वीरता की मिसाल पेश की. उन्होंने कहा कि इसी परंपरा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भले ही रानी अवंती बाई आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका साहस, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा.
उन्होंने प्रतिमा स्थापना से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा, “जब अच्छे नेता चुने जाते हैं, तब महापुरुषों को ऐसा सम्मान मिलता है. यह उन वीरों और वीरांगनाओं के प्रति हमारी कृतज्ञता है, जिन्होंने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए अपना बलिदान दिया.” उन्होंने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया.
इस कार्यक्रम में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे.