चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द ही नए विमान उपलब्ध होने के बाद चित्रकूट से लखनऊ और दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले चित्रकूट पहचान के संकट, भय और अव्यवस्था का शिकार था, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब यह आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है.
मुख्यमंत्री ने बुधवार को चित्रकूट में 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि चित्रकूट भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और भगवान श्रीराम के वनवास काल से इसका विशेष संबंध रहा है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चित्रकूट में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है और यहां जल्द ही एक बड़ी औद्योगिक इकाई निवेश करेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंडोनेशिया के साथ हुए समझौते के बाद उत्तर प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्यात भी किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया है. उनका कहना था कि आने वाले समय में चित्रकूट शस्त्र और शास्त्र दोनों का प्रमुख केंद्र बनेगा.
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो दल पहले भगवान राम और श्रीकृष्ण को काल्पनिक बताते थे, वे अब राजनीतिक लाभ के लिए अयोध्या और चित्रकूट को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें जनता के टैक्स का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल और वक्फ के नाम पर जमीनों पर खर्च करती थीं, जबकि मौजूदा सरकार महर्षि वाल्मीकि के लालापुर आश्रम, तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के विकास पर काम कर रही है.
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सरकार के समय कब्जाई गई 64,000 एकड़ सरकारी और गरीबों की जमीन को मुक्त कराकर वहां विश्वविद्यालय, अस्पताल और उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं. गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस और आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि चित्रकूट में आध्यात्मिक पर्यटन के साथ-साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के जरिए इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भारत की आस्था का सम्मान नहीं करतीं. उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि SIT जांच में लगभग 150 लोगों में से केवल 6 लोग चोरी और 2 लोग साजिश में शामिल पाए गए. उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, लेकिन पूरे ट्रस्ट और अयोध्या को बदनाम करना उचित नहीं है.
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे.