नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) अगली सेना दिवस परेड मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित की जाएगी और इस दौरान भारतीय सेना अपनी समृद्ध सैन्य विरासत और अभियान संबंधी क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
स्वतंत्र भारत के पहले कमांडर-इन-चीफ जनरल (बाद में फील्ड मार्शल) के एम करियप्पा की उपलब्धियों के सम्मान में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है।
सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ सेना दिवस परेड 2027 के भव्य आयोजन के लिए भोपाल तैयार है। यह शौर्य, परंपरा और सैन्य उत्कृष्टता का उत्सव होगा। भारतीय सेना भोपाल में सेना दिवस परेड 2027 का आयोजन करेगी, जिसमें अपनी समृद्ध सैन्य विरासत, अभियान संबंधी क्षमताओं और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया जाएगा। योद्धा की भावना को देखने के लिए तैयार हो जाइए!’’
सेना ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया।
सेना दिवस परेड परंपरागत रूप से दिल्ली में आयोजित होती रही है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से सेना इस समारोह का आयोजन देश के अलग-अलग शहरों में कर रही है।
वर्ष 2026 की परेड राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित की गई थी। भाषा शोभना देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.