scorecardresearch
Saturday, 17 October, 2026
होमदेशअंकिता भंडारी हत्याकांड : सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से की पूछताछ

अंकिता भंडारी हत्याकांड : सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से की पूछताछ

Text Size:

देहरादून, 17 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को हरिद्वार में पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की।

हरिद्वार के शिवालिक गेस्ट हाउस में करीब तीन घंटे चली पूछताछ के बाद ज्वालापुर सीट के पूर्व विधायक राठौर ने कहा कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और आगे भी करते रहेंगे।

उन्होंने मीडिया से कहा कि वह इस मामले में और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

राठौर ने कहा, “जांच के सिलसिले में हमने सीबीआई अधिकारियों को सच बता दिया है।”

अंकिता के माता-पिता द्वारा दिल्ली में सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर राठौर ने कहा, “मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। यह मामला सीबीआई के हाथ में है। वह जांच कर दूध का दूध और पानी का पानी करेगी। मैंने अपनी तरफ से सारी बातें सीबीआई अधिकारियों को बता दी हैं।”

खुद को राठौर की पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते कि उर्मिला सनावर कौन हैं।

राठौर से सीबीआई ने ऐसे समय पूछताछ की है, जब अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह और मां सोनी देवी ने हाल में दिल्ली में जांच एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।

राठौर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित किया जा चुका है।

ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।

पिछले साल दिसंबर में राठौर और सनावर के बीच बातचीत की कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका को लेकर विवाद फिर गहरा गया था।

कांग्रेस समेत कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लगातार प्रदर्शनों तथा सीबीआई जांच की मांग के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस साल जनवरी में अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की थी और मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

हाल में भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया। गौतम उत्तराखंड में भाजपा के प्रदेश प्रभारी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति के विरोध में राज्यभर में प्रदर्शन हुए। इसी बीच अंकिता के माता-पिता ने भी बुधवार को दिल्ली में इंडिया गेट पर धरना दिया था।

भाषा

दीप्ति रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments