scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशअंकिता भंडारी हत्याकांड : अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून में एक और मामला दर्ज

अंकिता भंडारी हत्याकांड : अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून में एक और मामला दर्ज

Text Size:

देहरादून, 26 अक्टूबर (भाषा) अंकिता भंडारी हत्याकांड की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच के सिलसिले में सोमवार को देहरादून की अदालत में पेश होने वाली टेलीविजन अभिनेत्री उर्मिला सनावर को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। अब उसके खिलाफ देहरादून में एक और मामला दर्ज किया गया है।

सीबीआई जांच के तहत नार्को-विश्लेषण परीक्षण कराने के लिए शुक्रवार को सहमति देने के बाद सनावर को सोमवार को अदालत में पेश होना था।

सनावर के खिलाफ यह मामला देहरादून निवासी सागर की ओर से रविवार शाम पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सनावर ने सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर ‘‘भ्रामक, अनर्गल, मानहानिकारक एवं अशोभनीय वीडियो प्रसारित किए, जिनका मकसद चरित्र हनन करना और सार्वजनिक शांति भंग करना था।’’

शिकायत के अनुसार, विभिन्न सोशल मीडिया मंचों और डिजिटल चैनलों पर एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें ‘‘उर्मिला सनावर द्वारा मीडिया के कैमरों और माइक के सामने जानबूझकर बेहद अशोभनीय, अमर्यादित, असत्य और विद्वेषपूर्ण बयानबाजी की जा रही है।’’

शिकायत में कहा गया है कि यह वीडियो देहरादून में सीबीआई अदालत के बाहर का है, जिसमें सनावर ने कथित तौर पर बिना किसी न्यायिक आदेश या सबूत के सिक्किम के मौजूदा राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम तथा बी.एल. संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ आपत्तिजनक, मानहानिकारक और व्यक्तिगत आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके साथ ही सार्वजनिक मंच पर एक महिला की गरिमा और मर्यादा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने सनावर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 (महिला की गरिमा का अपमान), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 353 (लोक उपद्रव या द्वेष फैलाने वाले झूठे अथवा भ्रामक बयान देना) और 356 (आपराधिक मानहानि) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

इससे पहले, रविवार को सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई उत्तराखंड के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर की गई थी।

दीपिका ने आरोप लगाया था कि सनावर ने सोशल मीडिया पर अश्लील और अपमानजनक बातें लिखकर उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई तथा उनके परिवार की बदनामी की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सनावर ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए एक संपत्ति अपने नाम करने की मांग की, पांच करोड़ रुपये मांगे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

खुद को राठौर की पत्नी बताने वाली सनावर और राठौर के बीच कथित बातचीत के ऑडियो पिछले साल सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ का जिक्र आया था।

इसी मामले की सीबीआई जांच के सिलसिले में सनावर ने शुक्रवार को नार्को-विश्लेषण परीक्षण कराने के लिए सहमति दी थी और उन्हें सोमवार को अदालत में पेश होना था।

सनावर के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार जिलों में अब तक 10 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।

भाषा

दीप्ति रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments