scorecardresearch
Thursday, 8 October, 2026
होमदेशअमित शाह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

अमित शाह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। शाह ने कहा कि संघ प्रचारक से लेकर आरएसएस सरसंघचालक तक का उनका सफर राष्ट्र सेवा, सामाजिक सद्भाव और भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के प्रति समर्पण का एक बेमिसाल उदाहरण है।

भागवत का जन्म 11 सितंबर 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में हुआ थ। शुक्रवार को वह 76 वर्ष के हो गए। भागवत मधुकर दत्तात्रेय देवरस और एम. एस. गोलवलकर के बाद आरएसएस के तीसरे सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रमुख हैं।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक आदरणीय मोहन भागवत जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’’

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘संघ के प्रचारक से लेकर सरसंघचालक तक की उनकी यात्रा राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के प्रति समर्पण की अद्वितीय मिसाल है।’’

शाह ने कहा ‘‘प्रचारक के रूप में भागवत ने देश के कोने-कोने में जाकर समाज को निकट से समझा और सरसंघचालक के रूप में आरएसएस के माध्यम से वह सेवा, संस्कार और चरित्र निर्माण के कार्यों से समाज में राष्ट्रप्रथम के भाव को मजबूत बना रहे हैं। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।’’

भागवत ने करीब 50 साल पहले आरएसएस के प्रचारक के रूप में काम करना शुरू किया था और संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए आगे बढ़े। मार्च 2009 में वह आरएसएस के सरसंघचालक (प्रमुख) बने।

मोहन भागवत के पिता मधुकरराव भागवत भी प्रचारक थे।

भागवत ने पशु चिकित्सा की पढ़ाई की है। आरएसएस का सरसंघचालक बनने से पहले वह संगठन के सरकार्यवाह (महासचिव) और दूसरे नंबर के पदाधिकारी रहे।

इससे पहले, वह आरएसएस के अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख (शारीरिक प्रशिक्षण के राष्ट्रीय प्रभारी) के पद पर भी रह चुके हैं।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments