scorecardresearch
Friday, 3 July, 2026
होमदेशअमरनाथ यात्रा: श्रद्धालुओं का जत्था आधार शिविर से रवाना

अमरनाथ यात्रा: श्रद्धालुओं का जत्था आधार शिविर से रवाना

Text Size:

श्रीनगर, तीन जुलाई (भाषा) दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा के लिए वार्षिक यात्रा शुक्रवार को शुरू हो गई और श्रद्धालुओं का जत्था बालटाल एवं नुनवान आधार शिविरों से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग है।

अधिकारियों ने बताया कि रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच यात्रा तड़के दोनों मार्गों- 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग-से शुरू हुई।

उन्होंने बताया कि पुरुषों, महिलाओं और साधुओं समेत श्रद्धालुओं का जत्था दिन निकलते ही दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम स्थित नुनवान आधार शिविर और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग स्थित बालटाल आधार शिविर से रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने जत्थे को हरी झंडी दिखाकर आधार शिविरों से रवाना किया। इस दौरान ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को जम्मू के भगवती नगर स्थित आधार शिविर से 4,809 से अधिक श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

श्रद्धालु दोपहर में कश्मीर घाटी पहुंचे, जहां प्रशासन और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग वाली गुफा में पूजा-अर्चना करेंगे।

यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और अन्य अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा हवाई क्षेत्र से भी निगरानी की जाएगी।

यह 57 दिवसीय यात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments