तिरुवनंतपुरम, 21 अक्टूबर (भाषा) केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष पद से हटाए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सुधाकरन का कथित तौर पर नाराजगी जताने और पार्टी एवं राज्य सरकार की आलोचना करने वाला एक वीडियो बुधवार को सामने आया।
यह कथित वीडियो केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ द्वारा सार्वजनिक रूप से मतभेद जाहिर करने के खिलाफ चेतावनी दिए जाने के कुछ दिन बाद सामने आया है।
वीडियो में केपीसीसी के पूर्व अध्यक्ष एवं कन्नूर से लोकसभा सदस्य सुधाकरन कथित तौर पर यह कहते दिख रहे हैं कि बिना किसी उचित कारण के राज्य में पार्टी के शीर्ष पद से हटाए जाने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।
‘पीटीआई-भाषा’ सोशल मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
वीडियो में सुधाकरन कथित तौर पर दावा करते दिखते हैं कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कांग्रेस का नेतृत्व किया और बड़ी चुनावी जीत का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी की उपलब्धियां इतिहास का हिस्सा हैं।
सुधाकरन ने कहा कि उन्हें बिना किसी उचित कारण के केपीसीसी अध्यक्ष पद से हटाने की कुछ लोगों के समूह द्वारा कथित तौर पर कोशिशों से उन्हें दुख पहुंचा।
उन्होंने कन्नूर में राजनीतिक हिंसा के खिलाफ अपने संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणियां निजी अनुभवों पर आधारित थीं और उनके पीछे कोई व्यक्तिगत दुर्भावना नहीं। उन्होंने कहा कि उनका विरोध उस राजनीतिक संस्कृति से था, जिसमें राजनीति के नाम पर लोगों का जीवन नष्ट कर दिया जाता था।
वीडियो में वह कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं, ‘‘सरकारें आती-जाती रहती हैं और सत्ता एक हाथ से दूसरे हाथ में जाती रहती है।’’
उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि सत्ता के लिए पार्टी के आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने चेतावनी दी कि उन लोगों के बलिदान की अनदेखी करना पार्टी के हित में नहीं होगा, जिन्होंने उसके लिए खून बहाया और मुश्किल समय में उसके साथ खड़े रहे।
सुधाकरन ने यह भी कहा कि सरकार की गलतियों को उजागर करना केवल विपक्ष की जिम्मेदारी नहीं है, गलत कामों पर सवाल उठाने का साहस सत्तारूढ़ दल के सदस्यों में भी होना चाहिए।
उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कथित तौर पर कहा कि सरकार को ऐसे लोगों की जरूरत है, जो उसकी गलतियों की ओर ध्यान दिला सकें, न कि केवल उसकी प्रशंसा करने वाले लोगों की।
यह वीडियो सनी जोसेफ द्वारा पार्टी नेताओं को सार्वजनिक रूप से विवादित बयान देने के खिलाफ चेतावनी दिए जाने के दो दिन बाद सामने आया। उन्होंने कहा था कि इस तरह की टिप्पणियों से न तो संबंधित व्यक्तियों को और न ही संगठन को कोई लाभ होगा।
कांग्रेस ने पिछले साल मई में केरलम इकाई में संगठनात्मक बदलाव करते हुए के. सुधाकरन की जगह सनी जोसेफ को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था और तीन नए कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए थे।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.