रायपुर, एक नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस समारोह से पहले नवा रायपुर में रविवार को आयोजित ‘फुल-ड्रेस रिहर्सल’ के दौरान भारतीय वायुसेना की ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने शानदार करतब दिखाकर और तिरंगे की आकृतियां बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यहां ‘सेंध लेक’ पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान वायुसेना की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडो और सारंग टीम ने अपने कौशल, सटीकता और तालमेल का प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ का गठन एक नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग करके किया गया था। राज्य के राज्योत्सव समारोह रविवार को शुरू हुए और तीन नवंबर को संपन्न होंगे। वायुसेना का मुख्य प्रदर्शन दो नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
पूर्ण अभ्यास की शुरुआत आकाश गंगा टीम के सदस्यों के विमान से छलांग लगाने और नियंत्रित तरीके से पैराशूट के जरिये नीचे उतरने के साथ हुई। उन्होंने झील के पास निर्धारित स्थान पर सुरक्षित उतरकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सारंग टीम का प्रदर्शन रहा। इसके पांच हेलीकॉप्टर ने नवा रायपुर के आसमान में कई जटिल आकृतियां बनाईं और साहसिक करतब दिखाए।
मुख्यमंत्री ने वायुसेना के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि स्थापना दिवस समारोह में टीम की भागीदारी राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं था, बल्कि भारतीय वायुसेना के कठोर प्रशिक्षण, पेशेवर उत्कृष्टता, अनुशासन और सेवा भावना को भी दर्शाता है।
साय ने छत्तीसगढ़ के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं और उम्मीद जताई कि राज्य विकास और समृद्धि के क्षेत्र में लगातार प्रगति करेगा तथा नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.