चेन्नई, पांच अगस्त (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार के पहले बजट को ‘‘अत्यंत निराशाजनक’’ बताते हुए उसे खारिज कर दिया।
पलानीस्वामी ने कहा कि बजट में कोई ठोस घोषणा नहीं की गई है, इसलिए वह इसे ‘‘शून्य’’ अंक देंगे।
पलानीस्वामी ने टीवीके सरकार के सत्ता में आने के बाद के शुरुआती 85 दिनों के कार्यकाल की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सरकार कोई भी नयी योजना शुरू करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सिर्फ अन्नाद्रमुक और द्रमुक के मौजूदा कल्याणकारी कार्यक्रमों के नाम बदले हैं और उन पर अपना ‘‘स्टिकर’’ चिपका दिया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट में चुनाव के दौरान किए गए बड़े वादों को नजरअंदाज किया गया है, जिनमें महिलाओं के लिए 2,500 रुपये का मानदेय, छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और किसानों का पूरा कर्ज माफ करना शामिल है।
राज्य पर कुल 10,98,768 करोड़ रुपये के कर्ज और 1,21,819 करोड़ रुपये के राजकोषीय घाटे का जिक्र करते हुए पलानीस्वामी ने मांग की कि राज्य सरकार यह बताए कि वह इन कार्यक्रमों के लिए निधि का इंतजाम कैसे करेगी क्योंकि प्रशासन अपने छोटे से कार्यकाल में ही पहले ही 20,000 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुका है।
अन्नाद्रमुक प्रमुख ने राज्य सरकार द्वारा वित्तीय स्थिति को स्थिर करने के उद्देश्य से नवगठित पांच-सदस्यीय विशेषज्ञ समिति पर भी संदेह जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाली सरकार की तरह ही, यह समिति भी राज्य के और अधिक कर्ज लेने को सही ठहराने का एक जरिया मात्र बनेगी।
भाषा
सुरभि सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.