scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशसरदार तेजा सिंह समुंदरी पर किताब के विमोचन के साथ अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव शुरू

सरदार तेजा सिंह समुंदरी पर किताब के विमोचन के साथ अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव शुरू

Text Size:

अहमदाबाद, 24 अक्टूबर (भाषा) अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव 2026 की शनिवार को शुरुआत हुई, जिसमें विभिन्न विषयों पर किताबों के साथ कार्यशालाओं, कविता, संगीत और गजल सत्र तथा परिचर्चाओं का आयोजन किया जा रहा है।

इस महोत्सव का उद्घाटन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने किया। इस अवसर पर ‘सरदार तेजा सिंह समुंदरी: जीवन और विरासत’ पुस्तक के गुजराती संस्करण का विमोचन भी किया गया।

अहमदाबाद नगर निगम और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) द्वारा आयोजित पुस्तक महोत्सव का 12वां संस्करण साबरमती रिवरफ्रंट स्थित इवेंट सेंटर में एक नवंबर तक आयोजित होगा। इसमें किताबों के 700 स्टॉल लगाए गए हैं। महोत्सव में कार्यशालाओं, कविता, गजल और संगीत सत्रों के साथ-साथ पुस्तक निर्माण, लेखन, बाल साहित्य और विभिन्न विषयों पर परिचर्चाओं का आयोजन किया जाएगा।

संधू ने कहा, ‘‘आज की दुनिया में बच्चों को किताबों की ओर प्रेरित करना महत्वपूर्ण है। इस प्रयास के लिए मैं एनबीटी और गुजरात सरकार को बधाई देता हूं।’’

उन्होंने कहा कि सरदार तेजा सिंह समुंदरी का जीवन सामाजिक सुधार, जनसेवा और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता की एक महत्वपूर्ण मिसाल है।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘गुरुद्वारा सुधार आंदोलन में समुंदरी की भूमिका और सामाजिक, राजनीतिक तथा शैक्षणिक सुधारों की दिशा में उनके प्रयास दूरदर्शी सोच को दर्शाते हैं।’’

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह पुस्तक महोत्सव ज्ञान, साहित्य और संस्कृति के आदान-प्रदान को नयी दिशा देगा।

उन्होंने गुरुद्वारा सुधार आंदोलन के अग्रदूत और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संस्थापक स्वतंत्रता सेनानी सरदार तेजा सिंह समुंदरी के जीवन और विरासत पर आधारित पुस्तक के विमोचन को गर्व का क्षण बताया।

पटेल ने कहा, ‘‘यह पुस्तक महोत्सव संस्कृति और भाषाओं के बीच एक सेतु है। इससे ज्ञान के आदान-प्रदान को गति मिलेगी और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुजरात की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी।’’

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments