चेन्नई: तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया और कहा कि “लोगों का भला ही हमारी पार्टी का एकमात्र लक्ष्य है.”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए विजय ने प्रधानमंत्री के शुभकामनाओं के लिए आभार जताया और कहा कि उन्हें इस काम में केंद्र सरकार के सहयोग की उम्मीद है.
यह बयान ऐसे समय आया है जब टीवीके ने तमिलनाडु में पहली बार चुनाव लड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीत लीं. हालांकि, पार्टी अभी बहुमत से कुछ सीटें दूर है और सरकार बनाने के लिए उसे अन्य दलों के समर्थन की जरूरत होगी.
विजय ने अपने पोस्ट में लिखा, “धन्यवाद @PMOIndia आपके शुभकामनाओं के लिए. हमारे लोगों का भला ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है. राजनीति से ऊपर उठकर हम राज्य के विकास और तमिलनाडु के लोगों के कल्याण पर ध्यान देंगे. इस काम में हमें केंद्र सरकार के सहयोग की उम्मीद है.”
दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री मोदी ने भी टीवीके के प्रदर्शन की सराहना करते हुए पार्टी को बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा कि तमिलनाडु के मतदाताओं का आभार, जिन्होंने चुनाव में एनडीए का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोगों की समस्याओं को हल करने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए हमेशा आगे रहेगी.
विजय ने एक अलग पोस्ट में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी फोन कर शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता की सेवा और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
विजय की यह प्रतिक्रिया उस समय आई है जब राहुल गांधी ने चुनाव नतीजों के बाद उनसे बात की और कहा कि यह जनादेश युवाओं की बढ़ती आवाज को दिखाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
इससे पहले विजय ने चेन्नई स्थित पार्टी कार्यालय में जीतने वाले विधायकों के साथ बैठक की और उसके बाद अपने घर पहुंचे.
इधर, टीवीके ने सरकार गठन की प्रक्रिया के तहत तमिलनाडु के राज्यपाल से मिलने का समय भी मांगा है.