scorecardresearch
Sunday, 18 October, 2026
होमदेशकोलकाता हादसे के बाद योगी ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए

कोलकाता हादसे के बाद योगी ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए

Text Size:

लखनऊ, 18 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी जिलाधिकारियों और जिला पुलिस प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ये निर्देश शनिवार को कोलकाता में हुए हादसे में 19 लोगों की मौत के बाद जारी किए हैं।

राज्य सरकार द्वारा रविवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पंडालों में अग्नि सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा विद्युत व्यवस्था की जांच सुनिश्चित करने को कहा है।

बयान के अनुसार, आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की पड़ताल करें।

उन्होंने अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की विशेष रूप से जांच करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिलाधिकारी एवं पुलिस कप्तान पंडालों में प्रवेश एवं निकास के रास्तों की जांच करें और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने पंडालों में बिजली की व्यवस्था की भी जांच कराने को कहा है, ताकि बिजली से संबंधित किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लें और जहां भी कोई कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराएं।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं।

उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए।

भाषा सलीम सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments