scorecardresearch
Saturday, 19 September, 2026
होमदेशडूसू चुनाव में हार के बाद एससीएस उम्मीदवार ने दोबारा मतगणना की मांग की

डूसू चुनाव में हार के बाद एससीएस उम्मीदवार ने दोबारा मतगणना की मांग की

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद समाजवादी छात्र सभा (एससीएस) के उम्मीदवार विशेष यादव के समर्थकों ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय के बाहर प्रदर्शन किया और मतों की दोबारा गिनती की मांग की।

संयुक्त सचिव पद के लिए चुनाव लड़ने वाले यादव ने मतदान के दौरान अनियमितताओं के आरोप लगाए।

अंतिम परिणाम पत्रक के अनुसार, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की। उनके बाद यादव को 15,778 वोट और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के गोपाल चौधरी को 15,206 वोट मिले।

आइसा-एसएफआई उम्मीदवार बी पारिजात को 5,837 वोट मिले, जबकि नोटा (इसमें से कोई नहीं) को 7,389 वोट प्राप्त हुए। इस पद के लिए कुल 60,825 वोट पड़े।

मतगणना के 20 दौर के बाद शनिवार को परिणाम घोषित किए गए, जिसमें एबीवीपी ने केंद्रीय पैनल चार पदों में से तीन पर जीत हासिल की और निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

अधिकारियों के अनुसार, नतीजों के बाद यादव के समर्थक नॉर्थ कैंपस स्थित कला संकाय के बाहर एकत्र हुए और दोबारा मतगणना की मांग को लेकर नारे लगाए।

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में प्रदर्शन जारी रहने के दौरान पुलिसकर्मियों को यादव के कुछ समर्थकों को विरोध स्थल से हटाते हुए देखा गया।

डीयू के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि चुनाव प्रक्रिया ‘‘अत्यंत पारदर्शी’’ थी और प्रशासन मतों की दोबारा गिनती पर विचार नहीं कर रहा है।

डूसू चुनाव शुक्रवार को 52 मतदान केंद्रों पर हुआ, जिसमें 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments