scorecardresearch
Sunday, 8 November, 2026
होमदेशभाजपा मुख्यालय में पूजा-हवन के साथ मनाया गया आडवाणी का जन्मदिन

भाजपा मुख्यालय में पूजा-हवन के साथ मनाया गया आडवाणी का जन्मदिन

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ जारी)

नयी दिल्ली, आठ नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर रविवार को यहां अपने मुख्यालय में पूजा एवं हवन का आयोजन किया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने भारतीय राजनीति में उनके योगदान की सराहना की।

आडवाणी का जन्म आठ नवंबर, 1927 को हुआ था। वह रविवार को 99 वर्ष के हो गए और अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर गए।

भाजपा ने कहा कि दिवाली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आडवाणी के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, संगठन में उनके योगदान और लंबे सार्वजनिक जीवन को याद करना था।

कार्यक्रम में आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के कई नेता शामिल हुए।

पूजा और हवन के बाद करीब 20 मिनट का एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें आडवाणी के प्रमुख भाषणों और उनके जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को दर्शाया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं के संबोधनों के जरिए आडवाणी के योगदान और उनकी राजनीतिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों को भी याद किया गया।

मोदी ने अपने एक लेख में कहा कि आडवाणी की वैचारिक स्पष्टता एवं बौद्धिक प्रखरता और भारतीय राजनीति में लंबे समय तक हावी रही छद्म धर्मनिरपेक्षता की वास्तविकता को उजागर करने की उनकी क्षमता ऐसी दो विशेषताएं हैं, जो उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान देती हैं।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आडवाणी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आपसी सहयोग की एक अनूठी मिसाल पेश की और दोनों ने मिलकर भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी।

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आडवाणी को सभी के लिए मार्गदर्शक बताया और कहा कि उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन के विस्तार, राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जन आंदोलन बनाने में अविस्मरणीय योगदान दिया।

नवीन ने कहा, ‘‘सार्वजनिक जीवन में आपकी शुचिता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आडवाणी को ‘‘राष्ट्रसेवा का प्रतीक, भाजपा का शिल्पकार और सिद्धांतों पर अडिग रहने वाला राजनेता’’ बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आडवाणी ने अपने पूरे सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, समर्पण और नेतृत्व के नए मानदंड स्थापित किए।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आडवाणी को ‘‘राष्ट्र के प्रति निष्ठा, अपने विचारों पर अडिग रहने और संगठन के प्रति समर्पण का असाधारण उदाहरण’’ बताया।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments