scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशअभिनेता विजय ने टीवीके उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेना शुरू किया

अभिनेता विजय ने टीवीके उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेना शुरू किया

Text Size:

चेन्नई, 10 मार्च (भाषा) अभिनेता से नेता बने विजय ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी टीवीके पार्टी के उम्मीदवारों का मंगलवार को साक्षात्कार लेना शुरू किया। पार्टी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है।

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के एक सूत्र के अनुसार, पार्टी राज्य की सभी 234 विधानसभा सीट पर उम्मीदवार उतारेगी और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को टिकट देगी।

विजय मंगलवार को पनयूर स्थित टीवीके मुख्यालय पहुंचे, जहां वह लगभग 60 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेंगे। टीवीके के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताने वाले 4,200 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है।

टीवीके पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे सकती है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ नेता बुस्सी आनंद, आधव अर्जुन और अरुण राज को टी नगर, विल्लीवाक्कम और तिरुचेंगोडे निर्वाचन क्षेत्रों से चुनावी मैदान में उतारे जाने की संभावना है।

दो फरवरी 2024 को गठित हुई नयी पार्टी पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक मजबूत विकल्प के रूप में खुद को आक्रामक रूप से स्थापित कर रही है। हालांकि, टीवीके ने उसके साथ चुनावी गठबंधन करने वाले दलों को सत्ता में हिस्सेदारी की पेशकश की थी, लेकिन अभी तक कोई भी राजनीतिक दल इसमें शामिल नहीं हुआ है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments