कोच्चि, सात नवंबर (भाषा) अभिनेता प्रकाश राज ने कालाडी में श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रों के निलंबन को लेकर केरलम की यूडीएफ सरकार और उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम जॉन की आलोचना की और चेतावनी दी कि यदि छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया तो वे भूख हड़ताल में शामिल होंगे।
प्रकाश राज ने विश्वविद्यालय का दौरा किया जहां 16 निलंबित छात्र पिछले छह दिन से भूख हड़ताल कर रहे हैं। उन्हें परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया था।
छात्रों को परिसर में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने को लेकर 13 अगस्त को एक बैठक के दौरान एसएफआई के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद निलंबित कर दिया गया था।
केरल उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने विश्वविद्यालय को छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का निर्देश दिया था। हालांकि, बाद में एक खंडपीठ ने इस पर रोक लगा दी।
इसके बाद छात्रों ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया जिसने उच्च न्यायालय की एकल पीठ को मामले में निर्णय लेने को कहा।
अभिनेता ने लोगों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय और राज्य सरकार पर छात्रों के प्रति तानाशाही वाला रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
भाषा वैभव देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.