scorecardresearch
Wednesday, 11 November, 2026
होमदेशमिर्जापुर में 12 साल के लड़के की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया

मिर्जापुर में 12 साल के लड़के की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया

Text Size:

मिर्जापुर (उप्र), 11 नवंबर (भाषा ) दो दिन पहले एक बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या करने और शव जंगल में फेंकने के आरोपी को विंध्याचल पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के बयान के मुताबिक, आरोपी की पहचान पिंटू उर्फ शैलेंद्र के रूप में हुई है। वाहन जांच अभियान के दौरान जब उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की, तो पुलिस ने उसके दोनों पैरों में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया।

बयान के मुताबिक उसके पास से .315 बोर की एक देसी पिस्तौल और अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के रहने वाले केशव बिंद ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके 12 साल के बेटे प्रिंस का किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, घटना को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने तीन पुलिस टीमें गठित कीं।

पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि आरोपी लालगंज से विंध्याचल की ओर जा रहा है, जिसके बाद वाहन जांच शुरू की गई।

पुलिसकर्मियों ने जब आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो वह अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। इस दौरान हुई गोलीबारी में पुलिस ने उसके दोनों पैरों में गोली मार दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद उसे इलाज के लिए मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर कबूल किया कि उसने 9 नवंबर को प्रिंस का अपहरण किया था और शाम करीब 6:30 बजे उसकी हत्या कर दी, जिसके बाद शव को कुशियारा जंगल में फेंक दिया।

बयान के अनुसार, उसने पुलिस को बताया कि उसने पैसों के लालच में लड़के का अपहरण किया था ।

भाषा सं जफर मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments