scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेश‘आप’ ने यमुना नदी के लिए डीजेबी की झाग रोधी परियोजना में 'भ्रष्टाचार' का आरोप लगाया

‘आप’ ने यमुना नदी के लिए डीजेबी की झाग रोधी परियोजना में ‘भ्रष्टाचार’ का आरोप लगाया

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने छठ पूजा से पहले यमुना नदी से झाग हटाने का काम निविदा प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही एक निजी कंपनी को सौंप दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली सरकार ने त्योहार से पहले यमुना को स्नान के लिए उपयुक्त बनाने के उद्देश्य से कालिंदी कुंज बैराज पर नदी से झाग हटाने का काम शुरू कर दिया है।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘यह कालिंदी कुंज में यमुना से झाग हटाने के लिए जारी निविदा है। इस निविदा के लिए बोली अभी शुरू नहीं की गई है। इसके बावजूद दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने ठेकेदार तय कर लिया है, जो निविदा प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही तंबू और उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद है।’’

उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का खुलासा किया था और अब दिल्ली जल बोर्ड में ऐसा हुआ है।

दोनों विभाग प्रवेश वर्मा के अधीन हैं।

इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

छठ के दौरान हर सर्दी में यमुना में झाग की समस्या सामने आती है और इसे लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो जाते हैं।

दिल्ली जल बोर्ड ने कालिंदी कुंज क्षेत्र के पास यमुना के कुछ हिस्से में उसके जल की सतह पर छिड़काव के लिए 1.94 लाख रुपये की लागत से झाग रोधी पदार्थ खरीदने की निविदा जारी की है।

डीजेबी के अधिकारियों के अनुसार, नदी में बहकर आने वाले अपशिष्ट जल में फॉस्फेट जैसे सर्फेक्टेंट की मौजूदगी झाग बनने का प्रमुख कारण है। जब सर्फेक्टेंट युक्त पानी बैराज की ऊंचाई से नीचे गिरता है, तो झाग बनता है, जो जमा होकर पानी की सतह पर तैरने लगता है।

कालिंदी कुंज बैराज अब भी उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के नियंत्रण में है। झाग की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली जल बोर्ड अस्थायी उपाय के तौर पर झाग हटाने वाले रसायन का इस्तेमाल करता है।

सरकार ने पहले कहा था कि वह बैराज की ऊंचाई कम करके सफेद झाग की समस्या का दीर्घकालिक समाधान निकालने की योजना बना रही है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments