scorecardresearch
Thursday, 28 May, 2026
होमदेशभदोही में बकरीद की पूर्व संध्या पर मस्जिद के बाहर युवक से मारपीट, 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा

भदोही में बकरीद की पूर्व संध्या पर मस्जिद के बाहर युवक से मारपीट, 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा

Text Size:

भदोही (उप्र), 28 मई (भाषा) भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में ईद-उल-अज़हा (बकरीद) की पूर्व संध्या पर मस्जिद से नमाज पढ़कर निकले एक युवक से भीड़ ने बुरी तरह मारपीट की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोप है कि युवक ने नमाज पढ़ाने वाले हाफिज से शरीयत को लेकर कुछ जानकारी मांगी थी। जवाब देने के बजाय हाफिज ने बाहर आकर लोगों को इकट्ठा कर लिया और युवक पर हमला कर दिया।

पुलिस ने 12 नामजद और 20 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब नौ बजे घोसिया के सदर मोहाल में हुई। युवक इंतेखाब आलम (34) ने नमाज के बाद मस्जिद में हाफिज से किसी मसले पर शरीयत को लेकर सवाल किया। हाफिज बिना जवाब दिए बाहर आए और अपने एक परिचित को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने इंतेखाब से गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मस्जिद से निकले लोगों ने इंतेखाब को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भीड़ का आक्रोश इतना था कि 25 से 30 लोगों ने लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया। जान बचाने के लिए इंतेखाब जब अपने घर में घुसा तो भीड़ ने उसकी गाड़ी, सीसीटीवी कैमरे और घर का दरवाजा तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घायल इंतेखाब आलम को अस्पताल में भर्ती कराया है।

एसएचओ ने बताया कि घटना के बाद पूरे घोसिया इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments