scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेशपश्चिमी दिल्ली में दशहरा मेले में झूले से गिरी महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा

पश्चिमी दिल्ली में दशहरा मेले में झूले से गिरी महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक मनोरंजन पार्क में झूला टूटने से गिरकर घायल हुई 27 वर्षीय महिला की बुधवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब एक बजकर 36 मिनट पर विकासपुरी के एफ ब्लॉक स्थित दशहरा मैदान में लगे मेले में ‘मिक्सर राइड’ का गेट टूट गया, जिससे दो लोग नीचे गिरकर घायल हो गए।

घायलों को शुरुआत में उपचार के लिए माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया और बाद में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उनमें से एक, उत्तम नगर की रहने वाली गुड़िया की बुधवार को मौत हो गई।

हादसे में घायल उत्तम नगर के ही रहने वाले करीब 33 वर्षीय रवि का अस्पताल में उपचार जारी है।

शुरुआत में, इस घटना के संबंध में विकासपुरी थाने में धारा 125(ए) (मानव जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य और मशीनरी के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

महिला की मौत के बाद प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) भी जोड़ दी गई।

पुलिस ने बताया कि मेले को रात 11 बजे तक ही संचालित करने की अनुमति दी गई थी, जबकि हादसा देर रात एक बजकर 36 मिनट पर हुआ।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments