उत्तरकाशी, 21 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के धरासू क्षेत्र में बुधवार को सांप के काटने से 50 वर्षीय एक महिला की मौत हो गयी । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के अनुसार गड़थ ग्राम पंचायत के चोबदा तोक में सुबह सावित्री देवी को सांप ने काट लिया जिसके करीब चार घंटे बाद परिजन उन्हें बनचौरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत नाजुक हो चुकी थी।
अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में चिकित्सक डॉ. विकास राणा और फार्मासिस्ट भगवान सिंह बिष्ट ने तत्काल उपचार शुरू किया लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गयी।
ग्रामीणों ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय भाजपा नेता श्रीपाल चौहान ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन विभाग से आग्रह किया है कि दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
भाषा सं दीप्ति राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.