भदोही (उप्र), 11 अक्टूबर (भाषा) भदोही में स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने वाली एक महिला कांस्टेबल खुद कथित तौर पर ठगी का शिकार हो गईं और जालसाजों ने उनके बैंक खाते से चार लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शहर कोतवाली में तैनात महिला कांस्टेबल शामली देवी की शिकायत के आधार पर शनिवार देर शाम भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शहर कोतवाली के प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि शामली देवी ने चार अक्टूबर को भदोही में महिला रोग विशेषज्ञ के बारे में गूगल पर जानकारी खोजी थी तभी उन्हें डॉ. विवेक शर्मा का फोन नंबर मिला, जिस पर उन्होंने संपर्क किया।
राय के अनुसार, शामली देवी ने चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए दिन और समय पूछा। इसके बाद कथित चिकित्सक की ओर से उनके मोबाइल फोन पर एक ‘लिंक’ भेजा गया और उसमें अपनी जानकारी भरने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि महिला कांस्टेबल ने जैसे ही उस लिंक को खोला, कुछ ही घंटों के भीतर उनके बैंक खाते से चार लाख रुपये से अधिक की रकम निकल गई। खाते से इतनी बड़ी राशि निकलने पर वह हैरान रह गईं और उन्हें समझ आ गया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं।
राय ने बताया कि मामले में एक अज्ञात के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.