जयपुर, 23 नवंबर (भाषा) राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सोमवार को दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पार करते समय सीमेंट से भरे एक ट्रेलर की चपेट में आने से 30 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा नीमराना थाना क्षेत्र में हीरो चौक के पास हुआ।
मृतकों की पहचान दुघेड़ा गांव निवासी कविता देवी और उसके बेटों कार्तिक (पांच) तथा भीम (तीन) के रूप में हुई है।
नीमराना थानाधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि घरेलू विवाद के बाद कविता अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने आई थी। बाद में वह अपने बच्चों के साथ गांव लौटने के लिए रवाना हुई।
थानाधिकारी ने बताया कि राजमार्ग के दूसरी ओर बस पकड़ने के लिए सड़क पार करते समय जैसे ही महिला और उसके बच्चे डिवाइडर से नीचे उतरे, दिल्ली की ओर से जयपुर जा रहे सीमेंट से भरे ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शव नीमराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में रखवाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया। बाद में उसने शाहजहांपुर टोल प्लाजा के पास ट्रेलर छोड़ दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक तथा उसके मालिक की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
भाषा बाकोलिया मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.