पटना, 22 अक्टूबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में प्रतिमा विसर्जन पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान एक किशोर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार रात पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र के पश्चिम दरवाजा इलाके में हुई।
पटना के पुलिस अधीक्षक शहर (पूर्वी) शैलजा दास ने संवाददाताओं को बताया, “रात करीब 9.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिम दरवाजा इलाके में एक लड़के को चाकू मारा गया है या उसे गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।”
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पटना सिटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) शिव शंकर कुमार ने पुष्टि की कि करीब 15-16 वर्ष के किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि गाना बजाने को लेकर हुए आपसी विवाद के कारण यह घटना हुई।
उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
भाषा कैलाश मनीषा संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.