साहिबगंज (झारखंड), पांच अगस्त (भाषा) झारखंड के साहिबगंज जिले में कथित रूप से नशे में धुत व्यक्ति ने एक सहायक उपनिरीक्षक पर चाकू से कई वार किए जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान 35 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस नियंत्रण कक्ष को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि कोटालपोखर थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक व्यक्ति चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा है और उन पर हमला कर रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को काबू करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने सहायक उपनिरीक्षक हेमंत यादव पर कथित तौर पर चाकू से कई वार किए।’’
पुलिस ने बताया कि घायल अधिकारी को पहले साहिबगंज सदर अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.