scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशभोपाल में कर्ज में डूबे शेफ ने मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या

भोपाल में कर्ज में डूबे शेफ ने मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या

Text Size:

भोपाल, दो नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 40 लाख रुपये के कर्ज में डूबे 35 वर्षीय एक शेफ ने सोमवार को अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों का कथित तौर पर गला रेतकर उनकी हत्या कर दी और फिर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शेफ नरेंद्र साहू ने आत्महत्या करने से पहले छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मलखेड़ी स्थित अपने किराए के मकान में अपनी मां सरस्वती (50), पत्नी सोमलता (29), बेटी कीर्ति (10) और बेटे कुश (6) की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी।

एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद साहू ने सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया था।

पुलिस उपायुक्त (भोपाल जोन-4) आदर्शकांत शुक्ला ने कहा, ‘‘मकान से एक चाकू और एक हथौड़ा बरामद किया गया है। दोनों वस्तुओं को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह पता चल सके कि हत्याओं में इनका इस्तेमाल किया गया था या नहीं। जांच में पाया गया है कि साहू पर 40 लाख रुपये का कर्ज था।’’

उन्होंने कहा कि साहू ने एक साल पहले ही अपना घर बेच दिया था और उसके बाद से वह किराए के मकान में रह रहा था।

शुक्ला ने बताया कि उसके दोस्तों और परिचितों ने पुलिस को बताया कि घर बेचने के बाद भी कर्ज संबंधी उसकी परेशानियां कम नहीं हुई थीं।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि आशंका है कि आर्थिक तंगी के कारण साहू ने परिवार के चार सदस्यों की हत्या करने के बाद आत्महत्या की।

शुक्ला ने बताया कि चार हत्याओं के बाद आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

भाषा ब्रजेन्द्र सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments