scorecardresearch
Friday, 2 October, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ में बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत

छत्तीसगढ़ में बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत

Text Size:

अंबिकापुर, एक अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेत के चारों ओर लगाए गए बैटरी से संचालित बिजली के तार में फंसने से हाथी के एक बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मादा हाथी का बच्चा उदयपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत अलकापुरी गांव के पास स्थित खेत में बृहस्पतिवार सुबह मृत पाया गया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि खेत के चारों ओर फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए लगाए गए बिजली के तार के संपर्क में आने के बाद हाथी के बच्चे की रात में मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।’’

उन्होंने बताया कि उदयपुर वन परिक्षेत्र में 27 और 12 हाथियों वाले दो झुंडों की आवाजाही हो रही है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि हाथी का बच्चा इन्हीं दोनों झुंडों में से किसी एक का हिस्सा था। वन विभाग की टीमें इन झुंडों की आवाजाही पर नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है और जहां जरूरी है, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।’’

बुधवार को पड़ोसी रायगढ़ जिले में भी हाथी का एक बच्चा तालाब में मृत पाया गया था।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले 32 महीनों में छत्तीसगढ़ में विभिन्न कारणों से 45 से अधिक हाथियों की मौत हो चुकी है।

भाषा

सं, संजीव रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments