खेड़ा (गुजरात), 16 अगस्त (भाषा) गुजरात के खेड़ा जिले में रविवार सुबह मिट्टी के कटाव के कारण करीब 60 साल पुराना एक पुल ढह गया, जिससे दो गांवों के बीच यातायात बाधित हो गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि थासरा तालुका में माही नहर की एक शाखा पर बना छोटा पुल सुबह करीब 10 बजे धंसकर ढह गया, जिसके बाद प्राधिकारियों ने चितलाव और सरदारपुरा गांवों के बीच आने-जाने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्गों से यातायात को मोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय पुल पर कोई वाहन या पैदल यात्री नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
माही सिंचाई संभाग के कार्यकारी अभियंता सौमिल पटेल ने बताया कि पुल करीब 60 साल पुराना था और उस पर भारी वाहनों की आवाजाही पहले ही प्रतिबंधित कर दी गई थी। पटेल ने कहा, “जमीन के नीचे पुल के खंभे की नींव में कटाव के कारण पुल धंस गया और खंभा ढह गया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।”
सड़क एवं भवन विभाग के अनुसार, इस पुल का निर्माण करीब 1965 में हुआ था और यह सिंचाई विभाग के अधीन था।
सिंचाई विभाग के अनुसार, मिट्टी के कटाव के कारण पुल ढहा और चितलाव को सरदारपुरा से जोड़ने वाली सरदारपुरा एप्रोच रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार हालांकि, वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं और किसी भी गांव का संपर्क नहीं टूटा है।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर सिंचाई विभाग ने पहले ही पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी थी।
पटेल ने बताया कि सड़क एवं भवन विभाग ने पुल के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भेजा है और मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा।
भाषा अमित नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.