scorecardresearch
Sunday, 29 November, 2026
होमदेशनेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अयोध्या पहुंचा

नेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अयोध्या पहुंचा

Text Size:

अयोध्या (उप्र), 29 नवंबर (भाषा) वार्षिक राम-जानकी विवाह समारोह के तहत रामलला के लिए पारंपरिक तिलक और उपहार लेकर नेपाल के जनकपुर से 51 लोगों का प्रतिनिधिमंडल रविवार की सुबह यहां पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचा है। ट्रेन शनिवार अपराह्न दो बजे जनकपुर से रवाना हुई थी और रविवार सुबह अयोध्या पहुंची।

मंदिर के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रतिनिधिमंडल में जनकपुर के महापौर मनोज शाह, जानकी मंदिर के महंत राम तापेश्वर दास वैष्णव, नेपाल विहिप के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह और अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल हैं। दो महिलाएं भी इस समूह का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक तिलक समारोह कारसेवकपुरम में किया जाएगा जहां ये प्रतिनिधि रामलला को नेग चढ़ाएंगे जिसमें सोने और चांदी के आभूषण, फल, सूखे मेवे, मिठाइयां और कपड़े होंगे।

विहिप के पदाधिकारी और सीता-राम विवाह उत्सव के संयोजक राजेंद्र सिंह पंकज ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह समारोह अयोध्या और जनकपुर के बीच शताब्दियों पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, “जनकपुर के लोग हमारे रिश्तेदार हैं। उसी भावना से उनका स्वागत करने और मेजबानी करने की तैयारियां की जा रही हैं।”

इस तिलक समारोह के बाद एक प्रतीकात्मक राम बारात 10 या 11 दिसंबर को जनकपुर के लिए निकलेगी और 12, 13 और 14 दिसंबर को विवाह से जुड़े कार्यक्रम होंगे जिसके बाद बारात अयोध्या लौटेगी।

भाषा चंदन राजेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments