ईटानगर, 13 फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 42 नए मामले आने से राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 63,982 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य के निगरानी अधिकारी (एसएसओ) डॉ. लोबसांग जम्पा ने बताया कि अभी 695 मरीज कोविड-19 का इलाज करा रहे हैं, जबकि 62,993 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं, इनमें से 197 लोग शनिवार को स्वस्थ हुए।
उन्होंने बताया कि वेस्ट कामेंग जिले से 10, लोअर सुबनसिरी से नौ और कैपिटल कॉम्पलेक्स क्षेत्र, ऊपरी सियांग और नामसाई जिले से क्रमशः चार-चार नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा 158 उपचाराधीन मरीज कैपिटल कॉम्पलेक्स क्षेत्र में हैं।
जम्पा ने बताया कि राज्य में अभी तक कुल 12.54 लाख नमूनों की जांच की गयी है। संक्रमण दर 8.03 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में महामारी से किसी की मौत नहीं हुई और कुल मृतक संख्या 294 बनी हुई है। राज्य के टीकाकरण अधिकारी (एसएसओ) डॉ. दिमोंग पाडुंग ने बताया कि अभी तक 16,06,667 लोगों ने कोविड-19 रोधी टीके की खुराक ली है।
भाषा
सुरभि संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.