तिरुवनंतपुरम, तीन जुलाई (भाषा) केरल में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,322 नए मामले मिले और दो मरीज़ों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद से राज्य में अब तक कुल संक्रमित हुए मरीज़ों की संख्या बढ़कर 66,53,272 पर पहुंच गयी, जबकि मृतकों की संख्या 70,048 हो गयी। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, केरल में पिछले 24 घंटों में 3,258 मरीज़ बीमारी से उबर चुके हैं। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 28,720 हो गयी।
शनिवार को, दक्षिणी राज्य में 3,642 मामले आए थे और नौ मरीज़ों की मौत हो गयी थी।
राज्य में प्रतिदिन तीन हज़ार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। लगातार कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए इस महीने पुलिस विभाग ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को सार्वजनिक सभाओं, कार्यस्थलों और परिवहन का उपयोग करते समय लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य करवाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का आदेश दिया था।
भाषा फाल्गुनी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.