scorecardresearch
Thursday, 8 October, 2026
होमदेशCEC के खिलाफ प्रदर्शन: राहुल-प्रियंका पर पुलिस से ‘मारपीट’ के आरोप, 3 FIR दर्ज

CEC के खिलाफ प्रदर्शन: राहुल-प्रियंका पर पुलिस से ‘मारपीट’ के आरोप, 3 FIR दर्ज

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल और प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया. उन पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से ‘मारपीट’ करने का आरोप है.

Text Size:

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कम से कम तीन एफआईआर दर्ज की हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी.

अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की उन धाराओं के तहत दर्ज की गई है, जो सरकारी कर्मचारियों से मारपीट करने और उन्हें अपना काम करने से रोकने से जुड़ी हैं.

एफआईआर दर्ज होने की संभावना पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि उनके खिलाफ पहले से ही 45 एफआईआर दर्ज हैं. उन्होंने कहा, “मेरे खिलाफ पहले से ही 45 एफआईआर हैं, मैं चाहता हूं कि यह संख्या 100 तक पहुंचे, लेकिन यह प्रदर्शन नहीं रुकेगा.”

ताज़ा एफआईआर INDIA ब्लॉक के सांसदों द्वारा लगातार दो दिन तक किए गए प्रदर्शन के बाद दर्ज की गई हैं. सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. लोकसभा में विपक्ष के नेता, प्रियंका गांधी वाड्रा, महुआ मोइत्रा और INDIA ब्लॉक के कई अन्य सांसदों को बुधवार को दूसरी बार हिरासत में लिया गया.

सांसदों ने सीपी के सागर रत्ना में दोपहर का खाना खाने के बाद एक बस में सवार हुए थे. लोकसभा में विपक्ष के नेता की अगुवाई में सांसद बस से उतरे और धरना शुरू करने की कोशिश की.

ये एफआईआर उस समय दिल्ली पुलिस और गांधी परिवार के सदस्यों समेत अन्य विपक्षी सांसदों के बीच हुई झड़प के बाद दर्ज की गई हैं, जब उन्हें विंडसर प्लेस के पास चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करने से रोक दिया गया था.

कुछ ही देर बाद प्रियंका गांधी वाड्रा संविधान की एक प्रति लेकर सड़क पर लेट गईं. उनके आसपास कई सांसद और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे, जबकि राहुल गांधी उनकी सुरक्षा करते हुए खड़े रहे. प्रियंका को वहां से हटाने की कोशिश कर रहे दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से राहुल गांधी ने चिल्लाकर कहा, “यह मेरी बहन है.”

इसके बाद राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ कर्मियों और प्रदर्शन कर रहे सांसदों को हटाने की कोशिश कर रही दिल्ली पुलिस के बीच थोड़ी देर तक धक्का-मुक्की हुई.

इसके बाद जब पुलिस ने सांसदों को हिरासत में लेना शुरू किया, तो एक वीडियो में कथित तौर पर प्रियंका गांधी को एक महिला पुलिस अधिकारी को कोहनी मारते हुए देखा गया. एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति को पीछे से एक पुलिस अधिकारी को लात मारते हुए कथित तौर पर देखा गया.

जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए उन्हें बसों के अंदर धकेलना शुरू किया, तो TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने मीडियाकर्मियों और अपने साथियों से कहा कि इस धक्का-मुक्की में उन्हें चोट लगी और खून निकल आया.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: भारत का Gen-Z लड़ रहा है, प्रार्थना नहीं कर रहा—ये प्रदर्शन सिर्फ राजनीति तक सीमित क्यों नहीं


 

share & View comments