बहराइच (उप्र), 14 अक्टूबर (भाषा) सुरक्षा बलों ने उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक कार को रोककर कोडीनयुक्त कफ सिरप की 1,275 बोतलें जब्त कीं और इस मामले में 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि सिरप की इन बोतलों को तस्करी के तहत नेपाल ले जाए जाने का संदेह है।
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 42वीं वाहिनी और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने कोडीनयुक्त कफ सिरप की 1,275 बोतलें बरामद की हैं।
मंगलवार शाम रुपईडीहा क्षेत्र के केवलपुर अंडरपास के पास एक एसयूवी की तलाशी में सिरप की 10 पेटियां मिलीं। टीम ने वाहन सवार बहराइच निवासी 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी के अनुसार बरामद सिरप को नेपाल ले जाए जाने की बात सामने आई है। एसएसबी की 42वीं वाहिनी के सेनानायक गिरीश चन्द्र पांडेय ने बुधवार को बताया कि 13 अक्टूबर देर शाम रुपईडीहा स्थित सीमावर्ती चौकी पर सफेद रंग के वाहन (महिंद्रा एक्सयूवी-500) को रोका गया।
पांडेय ने बताया कि वाहन चालक फजले इलाही उर्फ निहाल ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में वाहन की पिछली सीट और डिक्की से 100 मिलीलीटर की 1,275 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं, जो 10 पेटियों में रखी थीं।
कमांडेंट के मुताबिक, बोतलों पर निर्माता कंपनी का नाम अंकित नहीं था और चालक सिरप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी नहीं दिखा सका।
वाहन से एक मोबाइल फोन और सैफ अली दुर्रानी नाम से मीडियाकर्मी होने के दो पहचान पत्र मिले। एसयूवी का पंजीकरण भी सैफ अली दुर्रानी के नाम बताया गया है।
एसएसबी के अनुसार, आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रुपईडीहा थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
भाषा सं जफर
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.