scorecardresearch
Saturday, 10 October, 2026
होमदेशबंगाल में इस साल 12,400 नये दुर्गा पूजा आयोजनों को अनुमति, अनुदान जल्द जारी होगा: शुभेंदु

बंगाल में इस साल 12,400 नये दुर्गा पूजा आयोजनों को अनुमति, अनुदान जल्द जारी होगा: शुभेंदु

Text Size:

कोलकाता, 10 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने इस साल 12,400 नये दुर्गा पूजा आयोजनों को अनुमति दी है और इन सभी को राज्य सरकार की ओर से वित्तीय सहायता मिली है।

ईडन गार्डन्स में ‘देवीपक्ष’ (दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत का पारंपरिक समय) के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने बताया कि राज्य में पिछले साल दुर्गा पूजा के लगभग 45,000 आयोजन किए गए थे।

उन्होंने कहा, ‘पहले (पिछली सरकार के शासनकाल में) दुर्गा पूजा आयोजित करने के लिए लोगों को आवश्यक अनुमति प्राप्त करने हेतु कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ता था। यह दुखद था। मुझे नहीं लगता कि इस बार ऐसा एक भी मामला सामने आया है। वर्ष 2025 में आयोजित दुर्गा पूजा की संख्या की तुलना में, इस वर्ष हमारे पास 12,400 नयी पूजाएं हैं।’

अधिकारी ने कहा, ‘हमारी मंत्रिमंडल की बैठक में हमने निर्णय लिया था कि दुर्गा पूजा ‘पितृपक्ष’ के दौरान शुरू नहीं होगी, इसलिए हमने आज ‘देवीपक्ष’ की शुरुआत के साथ इसका उद्घाटन किया है। हमने तय किया था कि इस वर्ष पूजा के सांस्कृतिक पहलुओं के अलावा हम पारंपरिक हिंदू पंचांग के अनुसार धार्मिक रीति-रिवाजों का भी पालन करेंगे।’

अधिकारी ने घोषणा की कि राज्य सरकार रविवार से क्लबों और समितियों को अनुदान राशि वितरित करना शुरू कर देगी।

राज्य सरकार पश्चिम बंगाल भर की प्रत्येक दुर्गा पूजा समिति को एक लाख रुपये का अनुदान दे रही है।

उन्होंने कहा कि अगले चार दिनों में षष्ठी तक दुर्गापुर, बिष्णुपुर, सिलीगुड़ी, कूचबिहार, मालदा, बहरामपुर और दीघा में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाषा सुमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments