scorecardresearch
Saturday, 17 October, 2026
होमदेशहैदराबाद में अपहरण के सनसनीखेज मामले में एक गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार

हैदराबाद में अपहरण के सनसनीखेज मामले में एक गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार

Text Size:

हैदराबाद, 17 अक्टूबर (भाषा) हैदराबाद पुलिस ने शनिवार को अपहरण कर फिरौती वसूलने के सनसनीखेज मामले में एक गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 1.07 करोड़ रुपये नकद, सोने के आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आभूषण कारोबारी के. श्रीनिवास राव (53) पांच अक्टूबर को यहां रमनथापुर स्थित अपनी दुकान पर जाते समय लापता हो गए थे।

राव के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने यहां गोलनाका फ्लाईओवर के पास राव का अपहरण कर लिया। उन्होंने राव की आंखों पर पट्टी बांध दी और उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा। गिरोह के सदस्य पुलिसकर्मी बनकर आए थे।

उन्होंने राव के परिवार से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और आखिकार डेढ़ करोड़ रुपये वसूलने के बाद उन्हें रिहा कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कथित साजिशकर्ता समेत दो अन्य सदस्य फरार हैं।

पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, अपहरण के पीछे राव और मुख्य साजिशकर्ता दुमावत श्रीकांत के बीच रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े एक विवाद को लेकर उपजी रंजिश बताई जा रही है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर इस साल अगस्त में अपने साथियों के साथ मिलकर राव के अपहरण की साजिश रची थी। उसका उद्देश्य रियल एस्टेट परियोजना के लिए बिक्री समझौते के साथ सामान्य मुख्तारनामा (एजीपी) अपने नाम करवाना और राव के परिवार से बड़ी रकम फिरौती के रूप में वसूलना था। इसके बाद आरोपियों ने अपनी योजना को अंजाम दिया।

भाषा गोला पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments