हैदराबाद, 15 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की तीन सदस्यीय एक टीम ने शनिवार को तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विकास राज और अन्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
निर्वाचन आयोग की टीम का नेतृत्व वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त नितेश व्यास ने किया।
बैठक के दौरान, व्यास ने मतदाता सूची के अद्यतनीकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से मतदाता सूची की लगातार निगरानी करने और एक पुख्ता सूची सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सीईओ कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार व्यास ने सीईओ को पूरे राज्य में निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) की एक व्यापक सूची तैयार करने और उसे अद्यतन करने का निर्देश दिया।
इसके अनुसार निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने राज्य स्तर के अधिकारियों को एक जून से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की पहले स्तर की जांच शुरू करने का निर्देश दिया।
विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने सीईओ को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) के लिए दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने का भी निर्देश दिया।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.