मुंबई/ठाणे, 14 अप्रैल (भाषा) नवी मुंबई के खारघर में आयोजित होने वाले महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के मद्देनजर मुंबई-गोवा राजमार्ग, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई तथा पुणे के बीच पुराने राजमार्ग के साथ-साथ गुजरात से मुंबई की ओर आने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर 15 और 16 अप्रैल के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह का आयोजन 16 अप्रैल को नवी मुंबई के खारघर में किया जाना है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार इस साल सामाजिक कार्यकर्ता अप्पासाहेब धर्माधिकारी को प्रदान किया जाएगा।
राज्य परिवहन विभाग के संयुक्त सचिव राजेंद्र होल्कर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन मार्गों पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है क्योंकि प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अप्पासाहेब धर्माधिकारी के कई लाख अनुयायी रविवार को होने वाले समारोह में भाग लेंगे।
अप्पासाहेब धर्माधिकारी ने पौधारोपण अभियान, रक्तदान और चिकित्सा शिविरों के साथ-साथ आदिवासी क्षेत्रों में नशामुक्ति की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
आदेश के अनुसार आवश्यक वस्तुओं जैसे दूध, रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल, दवाइयां, तरल ऑक्सीजन, खाद्यान्न और सब्जियां आदि ले जाने वाले भारी वाहनों और साथ ही राजमार्ग तथा सड़क निर्माण के लिए सामग्री की आपूर्ति करने वाले वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ मुंबई गोवा राजमार्ग संख्या 66 के खारघर से इंसुली खंड, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे, मुंबई-पुणे पुराना राजमार्ग 14-15 अप्रैल की मध्यरात्रि से 16-17 अप्रैल की मध्यरात्रि तक डंपर, ट्रक, टैंकर, मल्टी-एक्सल 16 टन-प्लस ट्रेलर जैसे भारी वाहनों के लिए बंद रहेंगे। ’’
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने शुक्रवार देर शाम कहा कि हार्बर लाइन के लिए निर्धारित मेगा ब्लॉक (ट्रैक और ओवरहेड उपकरण पर इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों को पूरा करने के लिए ट्रेन यातायात रोक की अवधि) को रद्द कर दिया गया है।
सीएसएमटी-पनवेल हार्बर लाइन मुंबई को नवी मुंबई और आगे रायगढ़ जिले के कुछ हिस्सों से जोड़ती है।
अधिसूचना के अनुसार, महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
भाषा रवि कांत वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.