नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वह 15 अगस्त को लाल किले से दिए जाने वाले अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में जेन ज़ी को शामिल करें.
गुरुवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई 37 सेकंड की एक रील में दीपके ने कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि उनकी सरकार भारत के युवाओं के लिए क्या कर रही है.
उन्होंने कहा, “15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमें बताएं कि वह जेन ज़ी के लिए क्या कर रहे हैं, युवाओं के लिए क्या कर रहे हैं और उन्हें बेहतर भविष्य कैसे देंगे.”
कॉकरोच जनता पार्टी इस साल सबसे पहले नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई थी. बाद में इस आंदोलन का दायरा बढ़ाकर संस्थाओं की जवाबदेही की मांग तक ले जाया गया.
मोदी का भाषण
हर साल स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नई दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हैं. पिछले एक दशक से ज्यादा समय से प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं, गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करते हैं और अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियां, बड़ी नीतियां और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हैं.
इस साल दीपके चाहते हैं कि इस भाषण में जेन ज़ी को खास जगह मिले. उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री का भाषण जेन ज़ी के लिए हो, युवाओं के लिए हो.”
इसी वीडियो में दीपके ने युवाओं से भी यह मांग उठाने की अपील की.
उन्होंने कहा, “मैं आप सभी से भी अनुरोध करता हूं कि अगले एक हफ्ते तक प्रधानमंत्री से कहिए कि इस बार उनका भाषण आपके लिए हो, यानी जेन ज़ी और युवाओं के लिए हो.”
पिछले महीने जंतर-मंतर का प्रदर्शन खत्म करने के बाद से दीपके लगातार सोशल मीडिया पर आंदोलन के अगले चरण की जानकारी दे रहे हैं.
महाराष्ट्र में दीपके के घर पर सीजेपी ने दो दिन की बैठक की, जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. मीडिया से बात करते हुए दीपके ने कहा कि सीजेपी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी, बल्कि एक “प्रेशर ग्रुप” के रूप में काम करेगी.
दीपके ने यह भी कहा कि लोगों का न्यायपालिका, चुनाव आयोग और मीडिया पर भरोसा कम हुआ है.
उन्होंने कहा, “हमारे आंदोलन को मिला समर्थन सिर्फ शिक्षा के मुद्दे तक सीमित नहीं था. जैसे-जैसे आंदोलन बढ़ा, यह साफ हो गया कि यह इन संस्थाओं पर लोगों के घटते भरोसे को भी दिखाता है.”
दो दिन की बैठक के बाद सीजेपी ने अपने मुख्य सदस्यों की सूची भी जारी की. इसमें अभिजीत दीपके राष्ट्रीय संयोजक बने रहेंगे, जबकि सौरव दास और आशुतोष रांका सह-संयोजक होंगे.
पूरे भारत का दौरा
गुरुवार को सीजेपी ने “क्या बोलती पब्लिक” राष्ट्रीय लिसनिंग टूर और शिक्षा सुधार अभियान का भी ऐलान किया.
यह अभियान 1 सितंबर से शुरू होगा. इसके तहत सीजेपी के नेता पूरे भारत का दौरा करेंगे और देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे.
जमीन पर मिले सुझावों के आधार पर सीजेपी एक “यूथ रिफॉर्म चार्टर” तैयार करेगी.
यह प्रतिनिधिमंडल राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों, सिविल सोसाइटी समूहों और उन सामाजिक आंदोलनों से भी मुलाकात करेगा, जिन्होंने जंतर-मंतर प्रदर्शन को बड़ा बनाने में भूमिका निभाई थी.
सीजेपी की योजना है कि ऐसे सभी संगठनों को साथ लाकर एक व्यापक जन मोर्चा बनाया जाए.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करेगी CJP, चुनाव नहीं लड़ेगी; प्रेशर ग्रुप के तौर पर करेगी काम