scorecardresearch
Thursday, 19 November, 2026
होमफीचर50 साल से बाहरी दुनिया से कटी अवा जनजाति के लोग पहली बार आए सामने, मांगा खाना

50 साल से बाहरी दुनिया से कटी अवा जनजाति के लोग पहली बार आए सामने, मांगा खाना

सर्वाइवल इंटरनेशनल, जो एक गैर-लाभकारी वकालत समूह है, ने कुछ तस्वीरें जारी की हैं जिनमें ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य मारानहाओ के जंगलों से 'अवा' (Awa) समुदाय के लोगों को बाहर आते हुए दिखाया गया है.

Text Size:

नई दिल्ली: दुनिया की सबसे ज्यादा खतरे में पड़ी जनजाति बताई जाने वाली अवा जनजाति के लोग ब्राजील के अमेजन वर्षावन में लंबे समय तक बाहरी दुनिया से अलग रहने के बाद पहली बार सामने आए हैं. इस जनजाति के करीब 20 लोग एक गांव पहुंचे. यह एक ऐतिहासिक मुलाकात थी.

गैर-लाभकारी संगठन सर्वाइवल इंटरनेशनल ने मंगलवार को कुछ तस्वीरें जारी कीं. इनमें ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य मारान्याओ के अरारिबोइया आदिवासी क्षेत्र में अवा जनजाति के लोग जंगल से बाहर आते दिखाई दे रहे हैं. गांव के लोगों ने पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को खाने का सामान दिया.

सर्वाइवल इंटरनेशनल ने अपनी रिपोर्ट में कहा, “उन्होंने शकरकंद मांगे और उन्हें लेकर वापस अपने जंगल चले गए.”

वीडियो में अलग-थलग रहने वाली इस जनजाति के सदस्य बिना कपड़ों के और गले में हार पहने दिखाई दिए. पुरुषों के हाथों में धनुष और लंबे तीर थे.

मारान्याओ में आदिवासी समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन कोआपिमा ने कहा, “जनजाति के कुछ सदस्यों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की शारीरिक हालत ने गांव के लोगों की चिंता बढ़ा दी. उन्होंने देखा कि ये लोग बहुत ज्यादा कमजोर और कुपोषित लग रहे थे.”

संगठन ने यह भी बताया कि इस तरह अचानक संपर्क होने से ऐसी जनजातियों के सामने खतरे पैदा हो सकते हैं. खासकर उन लोगों के लिए, जिनके शरीर में कई बीमारियों से लड़ने की क्षमता बहुत कम या बिल्कुल नहीं होती.

सर्वाइवल इंटरनेशनल के अधिकारियों ने कहा कि जनजाति के लोगों का खुद जंगल से बाहर आने का फैसला इस बात का चिंताजनक संकेत है कि बाहरी लोगों की ओर से उन जंगलों पर लगातार कब्जा किए जाने से ऐसी जनजातियों की जान को खतरा पैदा हो रहा है, जो अब तक अपने संसाधनों के दम पर गुजारा करती थीं.

सर्वाइवल इंटरनेशनल की निदेशक कैरोलिन पियर्स ने कहा, “अवा लोगों को अमेजन वर्षावन के लगातार छोटे होते जा रहे एक हिस्से में रहने के लिए मजबूर किया जा रहा था. चारों तरफ जंगलों को नष्ट किया जा रहा था.”

‘दुनिया की सबसे ज्यादा खतरे में पड़ी जनजाति’

अवा जनजाति को दुनिया की सबसे ज्यादा खतरे में पड़ी जनजाति माना जाता है. इसकी वजह उनके इलाके में लकड़ी काटने वाले लोगों के साथ होने वाले टकराव हैं. वे गुआजा भाषा बोलते हैं, जो टुपी-गुआरानी भाषा परिवार का हिस्सा है. अवा लोगों के इलाके में अवैध रूप से पेड़ काटने वालों, शिकारियों और मवेशी पालने वालों की घुसपैठ बढ़ी है.

19वीं सदी में यूरोपीय लोगों के बसने के साथ ही इस इलाके में बाहरी लोगों का आना शुरू हो गया था. इससे बचने के लिए अवा लोगों ने एक जगह रहने के बजाय घूम-घूमकर रहने का तरीका अपना लिया.

1982 में ब्राजील सरकार को विश्व बैंक और यूरोपीय संघ से कर्ज मिला था. इसकी एक शर्त यह थी कि अवा लोगों की जमीनों की सीमाएं तय की जाएंगी और उनकी रक्षा की जाएगी.

इसके तीन दशक बाद, 2012 में सर्वाइवल इंटरनेशनल ने अवा लोगों की रक्षा के लिए दुनियाभर में एक अभियान शुरू किया. इस अभियान को अभिनेता कॉलिन फर्थ का समर्थन मिला था.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: क्या शेनझेन होगा नया याल्टा? ट्रंप-शी-पुतिन की बैठक की तुलना 1945 के सम्मेलन से क्यों हो रही है


 

share & View comments