scorecardresearch
Thursday, 19 November, 2026
होमदेश'बिलकिस बानो शांति से जीना चाहती हैं लेकिन कोर्ट की लड़ाइयां लौटा रहीं पुराना डर': वकील का दावा

‘बिलकिस बानो शांति से जीना चाहती हैं लेकिन कोर्ट की लड़ाइयां लौटा रहीं पुराना डर’: वकील का दावा

पिछले 20 से ज़्यादा सालों से बानो की वकील रहीं वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता ने 'दिप्रिंट' को बताया कि बानो ने जो कुछ भी झेला है, उसके बाद अब उनके सामने फिर से यह सवाल खड़ा हो गया है कि वे सुरक्षित रूप से कहां रह सकती हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: जिन लोगों ने बिलकिस बानो के साथ सामूहिक बलात्कार किया था, उन्होंने उन्हें मरा हुआ समझकर छोड़ दिया था. इसके बाद बिलकिस अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती थीं. उन्होंने इस अपराध के दोषी ठहराए गए 11 लोगों के लिए और कड़ी सजा की मांग नहीं की. इसके बजाय उनका ध्यान अपनी जिंदगी दोबारा संवारने, शांति पाने और हिंसा तथा अदालतों के चक्करों के उन सालों को पीछे छोड़ने पर था. लेकिन यह लड़ाई बार-बार उनके सामने लौट आती है. उनके वकील और 20 साल से अधिक समय से उनका केस लड़ रहीं वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता ने दिप्रिंट को यह बात बताई.

गुप्ता ने कहा कि बानो कभी भी कानूनी लड़ाई को अनिश्चित समय तक खींचना नहीं चाहती थीं. निचली अदालत और बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनके साथ बलात्कार करने वालों को मौत की सजा देने के बजाय उम्रकैद की सजा सुनाई थी. इसके बाद कई वरिष्ठ वकीलों ने उन्हें फैसले के खिलाफ अपील करने और अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के लिए मौत की सजा मांगने की सलाह दी थी.

लेकिन बानो ने ऐसा करने से इनकार कर दिया. उन्होंने गुप्ता से कहा कि दोषियों को सजा मिलना ही काफी है, चाहे सजा किसी भी तरह की हो. अब वह अपनी जिंदगी दोबारा संवारना चाहती हैं.

गुप्ता ने कहा, “वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती थीं. वह शांति चाहती थीं. उस फैसले के बाद भी वह शांति पाने और सब कुछ पीछे छोड़ने की कोशिश कर रही थीं. जब दोषियों को दी गई सजा में छूट रद्द कर दी गई और उन्हें वापस जेल जाने का आदेश दिया गया, तो हमारे पास अदालत की कार्यवाही पर नजर बनाए रखने की कोई वजह नहीं थी.”

इसके बावजूद कानूनी लड़ाई बार-बार बानो के सामने लौट रही है. गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले ने उनके साथ सामूहिक बलात्कार के दोषी ठहराए गए दो लोगों की सजा पर रोक लगा दी और उन्हें जमानत दे दी. इससे वह डर फिर लौट आया है, जिसे पीछे छोड़ने के लिए बानो ने काफी संघर्ष किया था.

गुप्ता ने कहा, “बानो ऐसी इंसान हैं जो शांति चाहती हैं और इन सब से दूर अपनी जिंदगी जीने का मौका चाहती हैं. दुर्भाग्य से, ये घटनाक्रम उन्हें ऐसा नहीं करने दे रहे हैं. ये बातें बार-बार उनके सामने लौट आती हैं और उन्हें आगे बढ़ने का मौका नहीं देतीं.”

गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश बानो के लिए खास तौर पर मुश्किल था, क्योंकि इसकी उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी.

गुप्ता ने कहा, “यह कहना एक बात है कि दोषियों को सजा में छूट देना गलत था. लेकिन जब ऐसा कुछ दोबारा होता है और आपको सुनवाई की कार्यवाही में पक्षकार तक नहीं बनाया जाता, तो दुर्भाग्य से इससे आपका भरोसा हिल जाता है.”

उन्होंने कहा कि किसी को मामले में पक्षकार बनाना, उसे यह बताना कि उसकी बात सुनी जाएगी और फिर उसके खिलाफ आदेश देना, एक बात है. लेकिन बिना किसी जानकारी के अचानक ऐसा आदेश सामने आना बिल्कुल अलग बात है.

गुप्ता ने कहा कि बानो ने जिस हिंसा का सामना किया, उसका उन पर लंबे समय तक असर रहा है. लगातार डर और घबराहट के कारण वह ज्यादातर लोगों से दूर रहती हैं और सार्वजनिक रूप से सामने आने से बचती हैं.

गुप्ता ने कहा, “इस बार सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद जब मैंने वीडियो कॉल पर बानो से बात की, तो वह रो रही थीं. ऐसे बहुत कम मौके आते हैं जब वह अपनी बात कहती हैं और अपनी भावनाएं जाहिर करती हैं. दुर्भाग्य से, इस ताजा घटनाक्रम से उन्हें बहुत गहरा सदमा पहुंचा है.”

डर के साये में अब भी जिंदगी

गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 2019 में बानो को नौकरी, घर और उनके साथ हुए अन्याय के लिए 50 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया था. इसके बावजूद उनके लिए अपनी जिंदगी दोबारा संवारना आसान नहीं रहा.

गुप्ता ने दिप्रिंट को बताया, “वह डर और मानसिक परेशानी के कारण नौकरी नहीं कर सकीं. उन्हें अजनबियों, खासकर पुरुषों के आसपास रहने से डर लगता था. वह अब भी डिप्रेशन की दवाएं ले रही हैं और उनमें घर से बाहर निकलकर काम करने की हिम्मत नहीं है.”

हालांकि, मुआवजे और घर से उन्हें कुछ स्थिरता मिली. बानो को जमीन आवंटित की गई, जिस पर बाद में उन्होंने घर बनाया. गुप्ता ने कहा, “जो इंसान 17 साल तक एक जगह से दूसरी जगह भटकता रहा हो, उसके लिए आखिरकार रहने के लिए अपना घर होना बहुत मायने रखता था.”

हालांकि, गुजरात सरकार ने जब 11 दोषियों को समय से पहले रिहा कर दिया, तो उनका सारा डर फिर लौट आया. उन्होंने कहा, “उन्हें वहां रहने में डर लगने लगा. वे तुरंत घर छोड़कर चले गए और छिप गए. आज भी उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें. इतना सब कुछ झेलने के बाद अब एक बार फिर उनके सामने यह सवाल है कि वे सुरक्षित रूप से कहां रह सकते हैं.”

सुप्रीम कोर्ट ने 2024 के एक फैसले में पिछले दो दशकों के दौरान बानो के बार-बार जगह बदलने का जिक्र किया था. जान से मारने की धमकियों के कारण वह गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली में 20 से ज्यादा जगहों और सुरक्षित घरों में रह चुकी हैं. अब दो दोषियों को जमानत मिलने के बाद बानो और उनका परिवार एक बार फिर गुजरात छोड़कर चला गया है.

भीड़ से दूर रहने की बानो की इच्छा का असर अदालत की कार्यवाही के साथ उनके रिश्ते पर भी पड़ा है. उनकी जिंदगी का बड़ा हिस्सा अदालतों के चक्कर काटने में बीता है. गुप्ता ने कहा कि बानो आमतौर पर अदालत जाने से बचती हैं. उन्हें लोगों के सामने आना या उनका सामना करना पसंद नहीं है.

हालांकि, 11 दोषियों की समय से पहले रिहाई के खिलाफ अपील पर सुनवाई के दौरान बानो ने अदालत की कार्यवाही में शामिल होने की इच्छा जताई थी. गुप्ता ने बताया कि अंग्रेजी नहीं समझने के बावजूद उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई देखी थी.

शुरुआत में उन्होंने अपना कैमरा बंद रखा था. लेकिन जब गुप्ता ने पीठ को बताया कि बानो मौजूद हैं और ऑनलाइन सुनवाई देख रही हैं, तो उन्होंने आखिरी दिन कुछ देर के लिए अपना कैमरा चालू किया. उस समय बहस खत्म होने वाली थी.

गुप्ता ने कहा, “यह जजों के प्रति आभार जताने का उनका तरीका था. उन्होंने इस मामले पर पूरी गंभीरता से ध्यान दिया और इतनी देर तक सुनवाई की थी.”

गुप्ता ने कहा, “वह बहुत कम बोलती हैं. वह लोगों की नजरों और दिखावे से दूर रहती हैं. उनमें दुनिया का सामना करने की हिम्मत नहीं है. वह अब भी उस डर से जूझ रही हैं, जो उन्हें लोगों के बीच जाने नहीं देता. लेकिन वह अदालत के प्रति अपना सम्मान और आभार दिखाना चाहती थीं. इसलिए उन्होंने अपना कैमरा चालू किया और जमीन पर बैठ गईं. उन्हें कुछ कहने की जरूरत नहीं थी. वह बस कैमरा चालू करके बैठ गईं और धन्यवाद कहा. अदालत के लिए वह इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकती थीं. धन्यवाद कहने का उनका यही तरीका था.”

गुप्ता ने उस वीडियो कॉल को भी याद किया, जो सुप्रीम कोर्ट की ओर से दोषियों को दी गई सजा में छूट रद्द करने और उन्हें वापस जेल जाने का आदेश देने के बाद बानो ने की थी.

बानो आमतौर पर अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करतीं और ज्यादातर बातचीत में बहुत कम बोलती हैं. लेकिन उस दिन उन्होंने मुस्कुराते हुए गुप्ता को धन्यवाद दिया और अपनी मां से बात करने की इच्छा जताई.

गुप्ता ने कहा, “मैं जानती हूं कि उनके लिए अपनी भावनाएं जाहिर करना मुश्किल है. इसलिए जब उन्होंने मुस्कुराकर वे बातें कहीं, तो मेरे लिए उनका बहुत मायने था. कभी-कभी कुछ घटनाएं इतनी खुशी देने वाली होती हैं कि वे उस इंसान को भी अपनी बात कहने के लिए प्रेरित कर देती हैं, जिसने लगभग अपनी भावनाएं जाहिर करना बंद कर दिया हो.”

ताजा घटनाक्रम से बानो ने अपनी जिंदगी दोबारा संवारने के लिए अब तक जो थोड़ी-बहुत प्रगति की है, वह भी खत्म हो सकती है. लेकिन उनका हौसला अब भी अडिग है.

गुप्ता ने कहा, “हम जल्द से जल्द इस आदेश को चुनौती देंगे. यह हम सभी की लड़ाई है. यह हम सबका दर्द है. हम सब एक साथ खड़े हैं.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: क्या शेनझेन होगा नया याल्टा? ट्रंप-शी-पुतिन की बैठक की तुलना 1945 के सम्मेलन से क्यों हो रही है


 

share & View comments